बैकुंठपुर में प्रदर्शनी का अवलोकन: ‘बिहान’ समूहों के उत्पादों की सराहना
बैकुंठपुर (कोरिया)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बैकुंठपुर प्रवास के दौरान जिला पंचायत परिसर में लगी महिला स्व-सहायता समूहों की प्रदर्शनी का अवलोकन कर ग्रामीण महिलाओं के आत्मनिर्भर प्रयासों की सराहना की। वे सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे, जहां सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों से आए समूहों ने अपने उत्पादों के आकर्षक स्टॉल सजाए थे।
‘बिहान’ की उद्यमी महिलाओं ने दिखाए हुनर
एनआरएलएम योजना के अंतर्गत गठित ‘बिहान’ समूहों की महिलाओं ने करीब एक दर्जन स्टॉल लगाए थे। इन स्टॉलों में ऑर्गेनिक सरसों तेल, कोरिया मोदक, कोरिया अचार, छत्तीसगढ़ी परिधान, टेराकोटा उत्पाद, बंबू आर्ट सहित विभिन्न घरेलू एवं हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक स्टॉल पर पहुंचकर उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और विपणन की जानकारी ली तथा महिलाओं के उद्यमशील प्रयासों की खुलकर प्रशंसा की। महिला समूहों ने पारंपरिक तरीके से मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें अपने समूहों द्वारा निर्मित उत्पाद भेंट किए।

आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध
इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और स्व-सहायता समूहों को बाजार, प्रशिक्षण तथा वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने महिलाओं से अपने उत्पादों की ब्रांडिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से बिक्री बढ़ाने का भी आग्रह किया।
इन समूहों ने की सक्रिय भागीदारी
प्रदर्शनी में बलरामपुर की सोना एवं दुर्गा सहायता समूह, अंबिकापुर का कृषि स्वयं सहायता समूह, सूरजपुर का सिद्ध बाबा महिला फार्मर प्रोड्यूसर एवं गीता स्व-सहायता समूह, जशपुर का दुर्गा एवं ज्योति समूह, कोरिया की वंदना महिला स्व-सहायता समूह, जय मां वैष्णो एवं दुर्गा उत्पाद समूह, कोरिया एग्रो महिला कृषक उत्पाद समूह (सोनहत), केवीके कोरिया की ज्योति एवं मां शारदा समूह सहित सरगुजा संभाग के सभी जिलों के महिला समूहों ने सक्रिय भागीदारी की।
मुख्यमंत्री के प्रोत्साहन से महिला समूहों में नया उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने कहा कि शासन का सहयोग और मार्गदर्शन उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर प्रेरित कर रहा है। यह प्रदर्शनी न केवल उत्पादों के प्रदर्शन का मंच बनी, बल्कि महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी साबित हुई। इस अवसर पर कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राम विचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक भैयालाल राजवाड़े, कलेक्टर चंदन त्रिपाठी तथा एसपी रविकुमार कुर्रे सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।