बीजापुर :-जिले के अंदरूनी और लंबे समय से नक्सल प्रभावित रहे कैका और गुमरा पंचायतों के सैकड़ों ग्रामीण सोमवार को पहली बार बड़ी तादाद में जिला मुख्यालय पहुंचे। कलेक्टर कार्यालय में आवेदन देकर उन्होंने अपने गांवों में सड़क, बिजली, स्कूल, आंगनबाड़ी और पुलिया जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। पंचायत तक पहुंचने के लिए ठीक सड़क नहीं है, कई जगहों पर पुलिया का अभाव है और बिजली अब तक नहीं पहुंच सकी। शासकीय भवनों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई और अन्य सेवाएं भी प्रभावित होती रही हैं।

ग्रामीणों का कहना था कि नक्सलवाद के चलते वर्षों तक न तो जनप्रतिनिधि गांवों तक पहुंच पाए और न ही प्रशासनिक अधिकारी। इसी वजह से दोनों पंचायतें विकास की रफ्तार से पीछे रह गईं। अब जब इलाके में हालात पहले से बेहतर हुए हैं, तो ग्रामीण खुलकर अपने गांवों के विकास की मांग कर रहे हैं।
गौरतलब है कि करीब 20 से 25 साल बाद इतनी बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे और सीधे कलेक्टर से मुलाकात की। कलेक्टर ने उनकी समस्याएं ध्यान से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि बिजली, पानी, सड़क और पुलिया जैसे कामों को प्राथमिकता देकर जल्द शुरू कराया जाएगा।
आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों के चेहरों पर संतोष नजर आया। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब उनके गांव भी धीरे-धीरे विकास की मुख्यधारा से जुड़ेंगे।