रायपुर. छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने साल 2026-27 के लिए नई आबकारी नीति का ऐलान कर दिया है, जिससे अब राज्य में बार और क्लब खोलना पहले से कहीं ज्यादा सस्ता और आसान हो जाएगा। व्यापार को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बड़े शहरों (7 लाख से अधिक आबादी) में बार लाइसेंस की फीस 24 लाख से घटाकर 18 लाख रुपये कर दी है। इसके साथ ही बैंक गारंटी की राशि में भी बड़ी कटौती की गई है, ताकि नए कारोबारियों पर आर्थिक बोझ कम हो सके।
रायपुर एयरपोर्ट पर मिलेगी विदेशी शराब नई नीति का सबसे बड़ा अपडेट राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट को लेकर है। अब यहाँ आने-जाने वाले यात्री एयरपोर्ट के भीतर ही विदेशी शराब का आनंद ले सकेंगे। इसके लिए सरकार ने एयरपोर्ट पर बार खोलने की अनुमति दे दी है, जो एक पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू होगा। थ्री-स्टार होटलों और क्लबों के लिए भी फीस में रियायत दी गई है, जिससे राज्य में पर्यटन और निवेश बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
समय में कोई ढील नहीं, सख्ती बरकरार नियमों और फीस में राहत देने के बावजूद सरकार ने बार संचालन के समय में कोई बदलाव नहीं किया है। पूरे प्रदेश में बार और क्लब पहले की तरह ही सुबह 11 बजे से रात 11 बजे तक ही खुल सकेंगे। सरकार के इस ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ वाले कदम से आबकारी विभाग के राजस्व में भी बढ़ोतरी की उम्मीद है।