शिव महापुराण के सातवें दिन उमड़ा जनसैलाब, मंत्री और नेता प्रतिपक्ष समेत कई दिग्गज हुए शामिल

कोरिया, सोनहत। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान विधायक रेणुका सिंह के तत्वावधान में कोरिया जिले के सोनहत में आयोजित भव्य शिव महापुराण कथा के सातवें दिन भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। इस पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत सहित कई प्रमुख हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

श्रीधाम वृंदावन से पधारे सुप्रसिद्ध कथावाचक आचार्य विनायकांत त्रिपाठी ने अपनी ओजस्वी और मधुर वाणी से भगवान शिव की महिमा का बखान किया। उन्होंने द्वादश ज्योर्तिलिंग महोत्सव के महत्व, पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन और देवी चरित्र के गूढ़ रहस्यों को बड़ी सरलता और भावपूर्ण ढंग से समझाया।

कथा स्थल पर छत्तीसगढ़ सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का आगमन हुआ, जिन्होंने कथा श्रवण कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके साथ ही, छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और उनकी धर्मपत्नी एवं कोरबा लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत भी कथा में शामिल हुईं, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ गई।

इस अवसर पर सूरजपुर जिला पंचायत की सभापति मोनिका सिंह, पूर्व विधायक भरतपुर-सोनहत गुलाब कमरो, पूर्व विधायक मनेन्द्रगढ़ विनय जायसवाल, कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, राजीव गुप्ता, जिला महामंत्री सौरभ गुप्ता, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनेन्द्रगढ़ राजकुमार केसरवानी, कोरिया जिला पंचायत सभापति सुरेश सिंह (पप्पू), मुख्तार अहमद, रवि राजवाड़े और पूर्व जनपद उपाध्यक्ष गुलाब चौधरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

महादेव सेवा समिति, जिला कोरिया के सदस्यों द्वारा आयोजित यह शिव महापुराण कथा क्षेत्र में धार्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण बन गई है। आयोजकों ने बताया कि प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण करने और भगवान शिव का आशीर्वाद लेने पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *