स्टील सिटी चैंबर ने पुलिस व प्रशासन से 15 दिन में उच्चस्तरीय बैठक की मांग
रमेश गुप्ता
भिलाई। शहर की कानून-व्यवस्था एवं टाउनशिप क्षेत्र में बढ़ती अव्यवस्थाओं को लेकर स्टील सिटी चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता ज्ञानचंद जैन ने दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र प्रेषित कर त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि भारतीय इस्पात प्राधिकरण लिमिटेड (सेल) के अधीन संचालित भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के स्थानीय प्रबंधन की नीतियों से शहर का कोई भी वर्ग संतुष्ट नहीं है और इससे व्यापक असंतोष का वातावरण बन रहा है।
खंडहर आवास बने असामाजिक गतिविधियों का अड्डा
चैंबर अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीएसपी द्वारा पूर्व में तोड़े गए या खाली छोड़े गए हजारों आवास अब खंडहर का रूप ले चुके हैं। इन स्थलों पर असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ने से अपराध की आशंका बनी रहती है, जिससे पुलिस पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि चूंकि ये क्षेत्र बीएसपी स्वामित्व में हैं, इसलिए यहां होने वाली किसी भी अप्रिय घटना की जवाबदेही संबंधित अधिकारियों की तय की जानी चाहिए।

प्रभावित वर्ग की संख्या 50 हजार के करीब
ज्ञापन के अनुसार भिलाई टाउनशिप क्षेत्र में लगभग 11 हजार प्रभावित इकाइयां हैं, जिनमें करीब 3 हजार दुकानें, 4500 हाउस लीज मकान, 1500 रिटेंशनधारी कर्मचारी, 2000 लाइसेंसधारी व्यवसायी तथा केंद्र-राज्य की अन्य संस्थाओं से जुड़े आवासीय परिवार शामिल हैं। इन सभी को मिलाकर लगभग 50 हजार से अधिक नागरिक प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से प्रभावित बताए गए हैं।
चैंबर का कहना है कि व्यापारिक नीतियों की जटिलता और आवास संबंधी अनिश्चितता ने शहर के व्यापार एवं सामाजिक ढांचे को प्रभावित किया है।
प्रशासनिक बैठक बुलाने की मांग
ज्ञानचंद जैन ने 15 दिनों के भीतर पुलिस एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में बीएसपी प्रबंधन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा भारतीय इस्पात प्राधिकरण लिमिटेड के नई दिल्ली स्थित अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते समन्वय स्थापित नहीं किया गया तो शहर की शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
कानून-व्यवस्था पर चिंता
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया तो नागरिकों में रोष की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। चैंबर पदाधिकारियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि शहर की सुंदर बसावट, व्यापारिक गतिविधियों की निरंतरता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
इस दौरान स्टील सिटी चैंबर के पदाधिकारी ज्ञानचंद जैन,सुरेश चंद, मोहम्मद रफी, रामकिसन मूंदड़ा, ज्ञानचंद बाकलीवाल, रामकुमार गुप्ता, गुरनाम सिंह, करमजीत सिंह सहित विभिन्न सेक्टरों के व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।