इंदौर में जांजगीर के युवक की बेरहमी से हत्या, मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को दिलाया मदद का भरोसा

जांजगीर। सक्ती जिले के हसौद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरघटा निवासी 40 वर्षीय खोजराम नारंग की इंदौर में हत्या कर दी गई। मृतक का रक्त रंजित शव 12 फरवरी की सुबह एमआर-4 रेलवे क्रॉसिंग के पास बरामद हुआ। खोजराम पिछले चार-पांच महीनों से इंदौर के पोलोग्राउंड स्थित एक फोटो स्टूडियो लैब में काम करता था और अपने परिजनों के साथ लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन के पास किराए के मकान में रहता था।

घटना की शुरुआत बुधवार रात से हुई जब खोजराम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। मृतक की पत्नी सती नारंग के अनुसार, रात करीब 10 बजे खोजराम ने उन्हें फोन कर बताया था कि शराब दुकान के पास कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो रही है। बातचीत के दौरान ही मारपीट और धक्का-मुक्की की आवाजें आईं और फिर मोबाइल बंद हो गया। अगली सुबह बाणगंगा थाना पुलिस को रेलवे ट्रैक के पास शव होने की सूचना मिली। पुलिस जांच में मृतक के गले और शरीर पर धारदार हथियार के गहरे निशान पाए गए हैं।

बाणगंगा पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस घटना को लूटपाट या पुरानी रंजिश, दोनों पहलुओं से जोड़कर देख रही है। इस दुखद घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक निर्मल सिन्हा ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से फोन पर परिजनों की बात कराई। मुख्यमंत्री ने मृतक की पत्नी के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और हर संभव सरकारी सहायता का आश्वासन दिया है।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *