छतरपुर के राजनगर थाने में युवक की आत्महत्या के बाद तनाव, परिजनों ने लगाया चक्काजाम

छतरपुर। राजनगर थाने में 23 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया, जिससे क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों की मांग और गुस्से के आगे समझाइश बेअसर रही।

तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के कई थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुला लिया है। फिलहाल पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अभी नियंत्रण में है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दो मजिस्ट्रेट कल रात से ही घटना की न्यायिक जांच कर रहे हैं।

परिजनों ने पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि युवक को सिविल ड्रेस में दो आरक्षक पकड़कर थाने लाए थे। परिजनों का आरोप है कि ये आरक्षक पिछले 15 वर्षों से इसी क्षेत्र में पदस्थ हैं और वे युवक को छोड़ने के बदले 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे।

न्यायिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत की असली वजह और पुलिस की भूमिका स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल परिजन आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग को लेकर सड़क पर डटे हुए हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *