रमेश गुप्ता दुर्ग। पुलिस परेड ग्राउण्ड, रक्षित केन्द्र दुर्ग में शुक्रवार को पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ड्यूटी के दौरान होने वाले शारीरिक मांसपेशीय खिंचाव, कमर व पीठ दर्द जैसी समस्याओं से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
सत्र में फिजियोथेरेपिस्ट एवं सर्टिफाइड डाइटिशियन सुश्री नेहा बत्रा ने विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि लंबे समय तक खड़े रहने, गलत शारीरिक मुद्रा एवं अनियमित दिनचर्या के कारण पुलिस जवानों को मांसपेशियों में खिंचाव और कमर-पीठ दर्द की समस्या का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इन समस्याओं से बचाव के लिए नियमित व्यायाम, सही बॉडी पोस्चर, स्ट्रेचिंग तकनीक एवं संतुलित आहार के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान फिजियोथेरिपी के माध्यम से उपचार की विधियों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिससे उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को सीधे तौर पर लाभ मिला। सत्र में लगभग 112 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
रक्षित केन्द्र स्टाफ की रही सक्रिय भूमिका
कार्यक्रम के सफल आयोजन में रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा एवं रक्षित केन्द्र स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने अपने अधिकारी-कर्मचारियों से अपील की है कि वे नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, व्यायाम एवं संतुलित आहार को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, ताकि वे शारीरिक रूप से स्वस्थ रहकर अपने कर्तव्यों का प्रभावी एवं दक्षतापूर्वक निर्वहन कर सकें