भाजपा पार्षदों ने कांग्रेस पर साधा निशाना

धमतरी।शहर में वर्षों से अधूरे पड़े आवासों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया है। भाजपा पार्षदों ने कहा कि अधूरे पड़े मकानों को पूर्ण कराने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा 6.75 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान कर यह स्पष्ट कर दिया गया है कि प्रदेश सरकार गरीबों के हितों के प्रति गंभीर और संवेदनशील है।
पार्षदों का कहना है कि पिछली कांग्रेस सरकार ने केवल घोषणाएं कीं, लेकिन धरातल पर कार्य नहीं हुए। गरीब हितग्राहियों को अपने ही घर के लिए वर्षों तक इंतजार करना पड़ा। भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में आवास योजना केवल कागजों तक सीमित रही, जबकि वास्तविक जरूरतमंद परिवार अधूरे मकानों में रहने को मजबूर थे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की स्वीकृति यह दर्शाती है कि भाजपा सरकार केवल घोषणा नहीं करती, बल्कि जमीन पर काम कर परिणाम देती है। पार्षदों ने यह भी कहा कि यह सब महापौर के लगातार प्रयासों और जनहित के मुद्दों को सरकार तक पहुंचाने के कारण संभव हो सका है। महापौर ने लगातार शासन स्तर पर पत्राचार और चर्चा कर शहर के गरीब परिवारों की समस्या को प्रमुखता से उठाया, जिसका परिणाम आज 6.75 करोड़ रुपये की स्वीकृति के रूप में सामने आया है।
भाजपा पार्षदों ने कहा कि यह राशि मिलने से अधूरे पड़े मकानों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण होगा और सैकड़ों परिवारों को अपने सपनों का घर मिल सकेगा। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि गरीबों के नाम पर राजनीति करने वाली कांग्रेस को अब जनता जवाब दे रही है। भाजपा सरकार विकास और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है और आगे भी शहर के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *