एसडीएम ने सीएमओ को आवश्यक कार्यवाही के लिए कहा
0 क्या नगरपालिका इस अवैध क्रासिंग को बंद करेगी ?
दिलीप गुप्ता
सरायपाली :- चुनावी फायदे के लिए नगर में बनाए गये 40 अनावश्यक व अवैध क्रासिंग बनाया गया था । प्राक्कलन के अनुसार 13 क्रासिंग छोड़ा जाना था किंतु इसकी 4 गुना बढ़ाते हुवे 53 कर दिया गया था । जिसके चलते लगातार दुर्घटनाएं हो रही थी ।चुनाव जीतते ही व इस संवाददाता द्वारा लगातार समाचारो का प्रकाशन किये जाने के बाद लगभग 29 क्रासिंग बंद किया गया था । आज भी गौरवपथ में कम से कम 4 से 5 ऐसे क्रासिंग हैं जिन्हें सुरक्षा व दुर्घटनाओं को कम किये जाने की दृष्टिकोण से बंद किया जाना आवश्यक है । बैतारी चौक के पास स्थित आयल मिल के सामने अनावश्यक रूप से लगभग 60 फीट चौड़ी क्रासिंग का निर्माण प्राक्कलन के विरुद्ध मिल मालिक को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से छोड़ दिया गया था । इस क्रासिंग को जनहित , सुरक्षा व बेहतर तथा सुरक्षित यातायात को देखते हुवे बंद किए जाने की मांग अनेको बार की गई । किंतु नगरपालिका द्वारा इसे कभी भी स्वार्थवश गंभीरता पूर्वक नहीं लिया गया ।
इसे ध्यान में रखते हुवे “” आज की जनधारा “” द्वारा लगातार समाचार प्रकाशन किया जाता रहा है व एसडीएम को शिकायत किये जाने के बाद एसडीएम द्वारा इसे गंभीरता से लेते हुवे विगत 10/12/25 को तीन सदस्यों की एक जांच टीम गठित कर जांच के प्रतिवेदन दिये जाने हेतु आदेशित किया गया ।
इस संबंध में सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जांच टीम द्वारा एसडीएम को जांच रिपोर्ट सौंप दी गई है । जिसमें इस क्रासिंग के संबंध में कहा गया है कि राधा कृष्ण आयल मिल के सामने गौरव पथ में आने जाने हेतु बीच में मध्य का रास्ता खुला हुआ है। इस मिल के आसपास कोई भी रिहायशी क्षेत्र तथा आबादी की बसाहट नहीं है । इस क्रासिंग का आमजनता को कोई लाभ भी नहीं है । ऐसा प्रतीत होता है कि यह निजी व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बनाया गया है ।उक्त डिवाइडर के पास क्रासिंग को अनावश्यक रूप से बनाया गया है, जिसे हटाये जाने से आम नागरिको को कोई परेशानी नहीं होगी।
इसकी सूचना नगरपालिका सीएमओ को दिए जाने की जानकारी मिली है । आगे देखना है कि सीएमओ द्वारा एक प्रशासनिक अधिकारी द्वारा निर्मित जांच प्रतिवेदन के आधार पर कब व क्या कार्यवाही की जाती है ।