शिव महापुराण कथा में गूंजी शहनाई, अनाथ जोड़े का हुआ विवाह

कोरिया, सोनहत। महादेव सेवा समिति के द्वारा सोनहत मिनी स्टेडियम में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के चौथे दिन का अवसर अत्यंत मंगलकारी रहा। जहां एक ओर शिव-पार्वती विवाह महोत्सव के साथ प्रभु की कृपा बरस रही थी, वहीं दूसरी ओर समिति ने एक अनाथ वर और वधू के विवाह की जिम्मेदारी उठाकर मानवता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।

ग्राम बेलिया निवासी दिवंगत श्री रामदीन के पुत्र श्री भवन कुमार नागवंशी और ग्राम छीगुरा की दिवंगत श्री बालकेश्वर की सुपुत्री सौ. जग्मन सूर्यवंशी, दोनों ही अनाथ, आज एक-दूसरे के हुए। इस पावन अवसर पर महादेव सेवा समिति की संरक्षक, क्षेत्र की विधायक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री, श्रीमती रेणुका सिंह जी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। साथ ही स्वयं आगे बढ़कर कन्यादान की रस्म पूरी की। उन्होंने नवविवाहित जोड़े को अपना स्नेह और आशीर्वाद प्रदान किया।

श्रीमती रेणुका सिंह ने नवदंपति की गृहस्थी बसाने के लिए 2 लाख 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा की, जिससे उनके भविष्य को संवारने में मदद मिल सके। उन्होंने कहा कि समाज का दायित्व है कि ऐसे जरूरतमंदों का सहारा बने और उन्हें गरिमापूर्ण जीवन जीने का अवसर प्रदान करे।

शिव महापुराण कथा के चौथे दिन का यह प्रसंग पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बैकुंठपुर विधायक, श्री भैया लाल राजवाड़े जी के आगमन से और भी गरिमापूर्ण हो गया। उन्होंने भी नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं और महापुराण कथा के आयोजन की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *