रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। नमीयुक्त हवाओं के प्रभाव से दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर आ रहा है। बुधवार को रायपुर प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां दिन का तापमान रात के मुकाबले दोगुने से भी अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के मुताबिक, रायपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम है। रायपुर के साथ ही बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर और पेंड्रा में भी दिन का पारा सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। राहत की बात यह है कि राज्य में कहीं भी बारिश की स्थिति नहीं बनी है और मौसम पूरी तरह शुष्क है।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में सक्रिय है। इसके प्रभाव से 12 फरवरी से न्यूनतम तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली रहेगी और मौसम शुष्क बना रहेगा।
राजधानी रायपुर के मौसम की बात करें तो गुरुवार को सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। तापमान में इस बढ़ोतरी के कारण लोगों को अब दिन में हल्की गर्मी का अहसास होने लगा है।