कोरिया, सोनहत। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वर्तमान विधायक (भरतपुर-सोनहत) श्रीमती रेणुका सिंह के तत्वावधान में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के चौथे दिन, जहाँ न केवल शिव-पार्वती विवाह महोत्सव धूमधाम से मनाया गया, बल्कि इसी पवित्र अवसर पर एक अनाथ जोड़े, भुवन चरवा और जगमनी का भी विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया गया।
इस हृदयस्पर्शी आयोजन में श्रीमती रेणुका सिंह ने दोनों वर-वधू के अभिभावक की भूमिका निभाते हुए उनका कन्यादान भी किया। उनके इस मानवीय सद्भाव और अपनत्व ने उन्हें दुल्हा-दुल्हन के लिए माता की जगह दे दी, क्योंकि दोनों ही दूल्हा-दुल्हन के माता-पिता नहीं हैं।

विवाह से पूर्व सभी हल्दी और मेहंदी रस्मों को परंपरागत तरीके से निभाया गया, जिसमें क्षेत्र की महिलाएं वधू पक्ष से घराती बनकर शामिल हुईं, तो वहीं पुरुषों ने वर पक्ष से बाराती बनकर इस शुभ कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। महादेव सेवा समिति के सदस्यों ने भी इस पुनीत कार्य में विधायक का पूरा सहयोग करते हुए वर-वधू के माता-पिता की भूमिका निभाई।
भुवन और जगमन अब अपने नए जीवन की शुरुआत कर रहे हैं, और उनके पीछे खड़ी है पूरी सोनहत की जनता और उनकी ‘अभिभावक’ रेणुका सिंह। यह आयोजन न केवल कोरिया जिले के इतिहास में दर्ज होगा, बल्कि मानवता और धर्म के एक नए अध्याय के रूप में याद किया जाएगा।