भोपाल। मध्य प्रदेश एसटीएफ ने फर्जी निवेश कंपनी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। रायनेट टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर ऋषिकेश राय को नोएडा से गिरफ्तार किया गया है। कंपनी के खातों में 2062 करोड़ रुपये का लेनदेन पाया गया है।
एसटीएफ अब तक 16 आरोपियों को हिरासत में ले चुकी है। मुख्य आरोपी नवाब उर्फ लवीश चौधरी फिलहाल यूएई में रह रहा है, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है और भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की गई है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी नवाब उर्फ लवीश चौधरी अपने साथियों के साथ मिलकर अपंजीकृत कंपनियां मेसर्स यॉर्कर कैपिटल, यॉर्कर एफएक्स, वाईएफएक्स, क्यूएफएक्स और बॉटब्रो में निवेश पर प्रतिमाह 6 से 8 प्रतिशत निश्चित रिटर्न का झांसा देकर लोगों से पैसा जुटाते थे। यूएसबीटी के माध्यम से फोरेक्स ट्रेडिंग और अविनियमित निवेश के नाम पर निवेशकों की राशि रायनेट टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खातों में जमा कराई जाती थी।
इस मामले में भोपाल एसटीएफ थाने में अपराध क्रमांक 39/2024 दर्ज किया गया है। विवेचना के लिए एसटीएफ मुख्यालय स्तर पर उप पुलिस अधीक्षक जगदीश सिंह सिद्धू के नेतृत्व में विशेष जांच दल गठित किया गया है।