अम्बिकापुर। थाना मणिपुर पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है। शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।
हॉस्पिटल की पार्किंग से हुई थी चोरी
मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि आवेदक विशाल कश्यप (निवासी गंगापुर नालापारा) जीवन ज्योति हॉस्पिटल में बिलिंग का कार्य करता है। 4 जनवरी 2026 को वह अपनी पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG/15/DK/8921) को हॉस्पिटल की पार्किंग में खड़ी कर काम पर चला गया था। रात 8 बजे जब वह ड्यूटी खत्म कर वापस लौटा, तो उसकी बाइक वहां नहीं थी। काफी तलाश के बाद जब बाइक का पता नहीं चला, तो प्रार्थी ने थाना मणिपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 305(ए) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
विवेचना के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि हर्रा टिकरा निवासी एक युवक चोरी की बाइक लेकर घूम रहा है। मणिपुर पुलिस ने बिना देर किए घेराबंदी की और आरोपी रामेश्वर दास को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अता उर्फ रामेश्वर दास (25 वर्ष, निवासी हर्राटिकरा, सूरजपुर) बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी को भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पल्सर बरामद कर ली है, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई है। अपराध साबित होने पर आरोपी रामेश्वर दास को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
कार्रवाई में शामिल टीम: इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी मणिपुर उप निरीक्षक सी. पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अनिल सिंह, आरक्षक सत्येंद्र दुबे, रामशंकर यादव, राजेंद्र लकड़ा और पवन गुलेरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।