सक्ती। जिले के डभरा-खरसिया मुख्य मार्ग पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार शिक्षक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया है। इस विरोध प्रदर्शन के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सुखदा निवासी रघुनंदन चंद्रा पेशे से शिक्षक थे। वे गुरुवार को अपने घर से बाइक पर डभरा एसआईआर कार्य का पंचनामा जमा करने के लिए निकले थे। इसी दौरान लक्ष्मणभाटा गांव के पास खरसिया की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिक्षक रघुनंदन वाहन की चपेट में आ गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतक के परिजन घटनास्थल पर एकत्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने डभरा-खरसिया मुख्य मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मृतक के परिवार को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए और फरार वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
मामले की सूचना मिलते ही डभरा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को शांत कराने और चक्काजाम समाप्त कराने के लिए समझाइश दी जा रही है। फिलहाल स्थिति को देखते हुए इलाके में तनाव और शोक का माहौल है और प्रशासन यातायात बहाल करने के प्रयास में जुटा हुआ है।