योगी सरकार का 10वां बजट: बिना नए टैक्स के विकास की रफ्तार बढ़ाने पर फोकस, 9 वर्षों में तीन गुना बढ़ा आकार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बुधवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य का बजट पेश किया। योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का यह अंतिम और कुल दसवां बजट 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ रुपये का है। बजट पेश होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे प्रदेश के नवनिर्माण की नई गाथा करार दिया।

मुख्यमंत्री ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश का बजट तीन गुना से अधिक बढ़ा है। उन्होंने बताया कि इस बजट में प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए विशेष आर्थिक क्लस्टरों की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत स्टेट कैपिटल रीजन (एससीआर), काशी-मीरजापुर इकोनॉमिक जोन, प्रयागराज-चित्रकूट इकोनॉमिक जोन और कानपुर-झांसी इकोनॉमिक जोन के विकास के लिए बजट में महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।

सुरक्षा और सुशासन को विकास का आधार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कानून का राज वास्तविक विकास की गारंटी है। उन्होंने स्मार्ट पुलिसिंग और त्वरित न्याय व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश हर नागरिक और निवेशक को सुरक्षा की गारंटी दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि पिछले 9 वर्षों में सरकार ने जनता पर एक भी नया कर नहीं लगाया है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब प्रदेश में किसी सरकार को लगातार अपना दसवां बजट प्रस्तुत करने का गौरव प्राप्त हुआ है। यह बजट आगामी वर्षों में उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *