कोरबा। मानिकपुर पुलिस ने एक बैंक अधिकारी के घर हुई लाखों की चोरी की गुत्थी सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने शातिर चोर और उसकी मां को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने चोरी के जेवर अपनी मां की मदद से एक फाइनेंस कंपनी में गिरवी रख दिए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मानिकपुर चौकी क्षेत्र के दादर मार्ग निवासी बैंक अधिकारी राजू मोदी 6 फरवरी को जमीन की रजिस्ट्री के सिलसिले में रायपुर गए थे। अगले दिन जब वे वापस लौटे, तो घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। चोरों ने खिड़की के रास्ते भीतर घुसकर सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशानुसार पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने निहारिका साडा कॉलोनी निवासी संजय वैष्णव उर्फ नीलू को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। जांच में पता चला कि आरोपी करीब तीन माह पहले ही जेल से रिहा हुआ था। उसने चोरी के जेवरात अपनी मां लव कुमारी वैष्णव को दिए थे, जिसने मुथुट फाइनेंस में इन्हें गिरवी रखकर 52 हजार रुपये प्राप्त किए थे।
पुलिस ने फाइनेंस कंपनी से जेवर बरामद कर लिए हैं। चोरी गए इन जेवरों की वर्तमान बाजार कीमत लगभग 11 लाख 11 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी मां-बेटे के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।