नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) अपनी ऑनलाइन सेवाओं को आधुनिक बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। ईपीएफओ के डिजिटल सुधारों के तीसरे चरण ‘ईपीएफओ 3.0’ के तहत आगामी अप्रैल माह में एक नया मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा। इस सुविधा के शुरू होने के बाद करोड़ों खाताधारक अपने पीएफ खाते से यूपीआई (UPI) गेटवे के माध्यम से तत्काल राशि निकाल सकेंगे।
श्रम मंत्रालय के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, यूपीआई आधारित निकासी सेवा का ट्रायल शुरू हो चुका है। वर्तमान में इसे 100 से अधिक डमी खातों पर परखा जा रहा है। सफल परीक्षण के बाद इसे आम कर्मचारियों के लिए अप्रैल से उपलब्ध करा दिया जाएगा। इस ऐप के जरिए न केवल राशि की निकासी सुगम होगी, बल्कि खाताधारक अपनी पासबुक देखने और बैलेंस चेक करने जैसी अन्य सेवाओं का लाभ भी ले सकेंगे।
25 प्रतिशत राशि खाते में रखनी होगी अनिवार्य
यूपीआई के जरिए निकासी के लिए कुछ नियम भी तय किए गए हैं। नए लेबर कोड के प्रावधानों के अनुसार, खाताधारकों को अपने ईपीएफ खाते की कुल जमा राशि का न्यूनतम 25 प्रतिशत हिस्सा खाते में ही अनिवार्य रूप से छोड़ना होगा। इस तय सीमा को फ्रीज कर दिया जाएगा और कर्मचारी केवल इसके अतिरिक्त शेष राशि में से ही अपनी जरूरत के अनुसार यूपीआई के माध्यम से तत्काल निकासी कर पाएंगे।