अम्बिकापुर। कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि कोई भी अधिकारी बिना पूर्व अनुमति के अवकाश पर नहीं जाएगा। बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-सीमा की बैठक में आने से पहले विभागीय कार्यों की अद्यतन जानकारी और पूर्व निर्देशों की प्रगति रिपोर्ट साथ लेकर आएं।
अपार आईडी और वनाधिकार पट्टों पर विशेष जोर बैठक में कलेक्टर ने बच्चों की ‘अपार आईडी’ (APAAR ID) एंट्री की समीक्षा की और इसे शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग को उन बच्चों की सूची तैयार करने को कहा जिनके पास जन्म प्रमाण पत्र नहीं है, ताकि एसडीएम के माध्यम से उनका प्रमाण पत्र जल्द बनवाया जा सके। साथ ही, राजस्व और वन विभाग को एक माह के भीतर वनाधिकार पट्टों का फौती नामान्तरण कार्य पूरा करने की समय-सीमा दी गई है।
छात्रावासों का होगा नियमित निरीक्षण आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त को निर्देश दिए गए कि वे आश्रम छात्रावासों के निरीक्षण के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाएं। सभी एसडीएम को लगातार छात्रावासों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाएं और खेल सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके अलावा, पीडीएस दुकानों में राशन वितरण, डीएमएफ के तहत भर्ती और पीवीटीजी युवाओं के रोजगार की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

28 फरवरी तक पूरा करें धान उठाव समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बाद केंद्रों से धान उठाव की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने काम में तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 28 फरवरी तक धान का उठाव हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए और इस दौरान केंद्रों का भौतिक सत्यापन पूरी गंभीरता से किया जाए।
मैनपाट महोत्सव में मुख्यमंत्री का आगमन प्रस्तावित आगामी मैनपाट महोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने बताया कि शुभारंभ समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आगमन प्रस्तावित है। इसे देखते हुए सभी विभागीय स्टॉल, लोकार्पण, भूमिपूजन और हितग्राही सामग्री वितरण की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। महोत्सव स्थल पर डोम निर्माण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल और साउंड सिस्टम जैसी मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा कर गुणवत्ता बनाए रखने को कहा गया है।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, राम सिंह ठाकुर, अमृत लाल ध्रुव, नगर निगम कमिश्नर डी एन कश्यप सहित सभी एसडीएम और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।