रमेश गुप्ता भिलाई। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा की गई नाकाबंदी व सघन जांच के दौरान बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज 8 चोरी प्रकरणों का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात एवं नकद राशि सहित कुल ₹7,15,820 मूल्य की संपत्ति जप्त की गई है।
आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणिशंकर चन्द्रा ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 08 फरवरी को दुर्ग पुलिस द्वारा संयुक्त टीम गठित कर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी एवं संदिग्धों की चेकिंग की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना, सीसीटीवी फुटेज एवं मोबाइल लोकेशन के आधार पर मठ पुरैना, रायपुर क्षेत्र से घेराबंदी कर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में
मनीष अमोरिया (25 वर्ष), जितेन्द्र गायकवाड़ (23 वर्ष) एवं रवि साहू (23 वर्ष) शामिल हैं, जो सभी ग्राम लखौली, थाना सिटी कोतवाली, जिला राजनांदगांव के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रायपुर में इडली-डोसा बेचने का कार्य करते थे और इसी दौरान सूने मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
आरोपियों की निशानदेही पर ग्राम अछोटी, औसर, गोडपेण्ड्री, झीट, चंगोरी, अरसनारा, तर्रा एवं बठेना सहित थाना नंदनी, रानीतराई, उतई, अमलेश्वर एवं पाटन क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा किया गया। इन प्रकरणों में सोने-चांदी के जेवरात एवं नकद राशि चोरी की गई थी।
मामले में चोरी का माल खरीदने-बेचने में संलिप्त धर्मेन्द्र साहू (33 वर्ष), उमेश उर्फ पिंटू सोनी (35 वर्ष) एवं प्रकाश सोनी (38 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी मनीष अमोरिया के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज होना पाया गया है।
प्रकरणों में बीएनएस की धारा 331(3), 305 के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। इस संयुक्त कार्यवाही में थाना पाटन एवं ACCU टीम की सक्रिय भूमिका रही, जिनके समन्वित प्रयासों से चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा संभव हो सका। इस अवसर पर एसडीओपी पाटन श्री लकड़ा मौजूद थे l