शराबी चालक की लापरवाही ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार, आरंग-खरोरा मार्ग पर हुए हादसे में दो की गई जान

CG News

आरंग। शनिवार को आरंग-खरोरा मुख्य मार्ग पर धान से लदा एक बेलगाम ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान नंदकिशोर लोधी और कुंतीबाई लोधी के रूप में हुई है। बाइक चालक की मां गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जो नशे की हालत में वाहन चला रहा था।

शादी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मृतिका कुंतीबाई लोधी अपने रिश्तेदारों के साथ शादी समारोह में शामिल होने आरंग आई थीं। कार्यक्रम के बाद, वह ग्राम गुल्लू निवासी नंदकिशोर लोधी और उसकी मां राजकुमारी लोधी के साथ बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान बजरंग केमिकल डिस्टलरी कंपनी के पास ट्रक ने बाइक को सामने से टक्कर मारी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे ट्रक ने बाइक को सीधी टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कुंतीबाई लोधी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नंदकिशोर और राजकुमारी लोधी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान नंदकिशोर लोधी ने भी दम तोड़ दिया। राजकुमारी लोधी की हालत नाजुक बनी हुई है।

नशे में था ट्रक चालक
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया। आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने खुद ट्रक का पीछा शुरू किया और नवापारा-राजिम रोड पर ग्राम चरौदा के पास उसे घेरकर पकड़ लिया।

पुलिस ने पाया कि ट्रक चालक शराब के नशे में था, जिसके कारण उसने यह दुर्घटना अंजाम दी। नशे में ट्रक चलाने की उसकी लापरवाही से एक परिवार उजड़ गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। मृतिका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *