अमित शाह की अध्यक्षता में रायपुर में नक्सलवाद और विकास पर अहम बैठक, गृहमंत्री विजय शर्मा बोले 31 मार्च की डेडलाइन है अंतिम लक्ष्य

रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं, जहां वे रायपुर के एक निजी होटल में महत्वपूर्ण विभागीय समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता कर रहे हैं। इन बैठकों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा भी शामिल हैं। बैठकों का सिलसिला सुबह 11 बजे से शुरू हो गया है, जिसमें विभिन्न चरणों में विभागीय कार्यों की प्रगति पर चर्चा की जा रही है।

केंद्रीय गृहमंत्री के इस दौरे पर प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि 31 मार्च 2026 की निर्धारित समय-सीमा से पहले यह अंतिम बड़ी और निर्णायक बैठक है। उन्होंने बताया कि इस बैठक में वामपंथी उग्रवाद प्रभावित विभिन्न राज्यों के डीजीपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हो रहे हैं। इस मंथन के दो प्रमुख एजेंडे तय किए गए हैं। पहला लक्ष्य 31 मार्च तक छत्तीसगढ़ को सशस्त्र नक्सलवाद से पूर्णतः मुक्त करना है और दूसरा बस्तर के रुके हुए विकास कार्यों को गति देना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार आजीविका के नए अवसर पैदा कर बस्तर के विकास की नई शुरुआत करेगी। इसी कड़ी में बस्तर की संस्कृति के संवर्धन के लिए बस्तर पनडुम का आयोजन किया गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा पंजाब में दिए गए बयानों पर पलटवार करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि बघेल को मोदी सरकार पर सवाल उठाने से पहले राहुल गांधी से सिख समुदाय के संबंध में पूछे गए सवालों पर स्पष्टीकरण लेना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पंजाब में इस तरह की बातें करने से पहले उन्हें अपनी पार्टी के रुख पर विचार करना चाहिए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पहली समीक्षा बैठक दोपहर 12:45 बजे तक चली, जिसके बाद दूसरी बैठक आयोजित की गई है। दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक भोजन अवकाश रखा गया है, जिसके बाद सुरक्षा और विकास से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा जारी रहेगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *