जांजगीर और सूरजपुर में भीषण सड़क हादसे, ट्रेलर में आग लगने से चालक जिंदा जला और पिकअप की टक्कर से एक अन्य की मौत

जांजगीर-चांपा/सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा और सूरजपुर जिलों में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जांजगीर में तीन ट्रेलरों की टक्कर के बाद लगी आग में एक चालक की जलकर मौत हो गई, वहीं सूरजपुर में बेकाबू पिकअप ने बाइक सवारों को रौंद दिया।

जांजगीर-चांपा में तीन ट्रेलरों की भिड़ंत

अकलतरा-बलौदा मुख्य मार्ग पर कोटगढ़ के पास रविवार सुबह करीब 5 बजे तीन ट्रेलरों के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक ट्रेलर में तत्काल आग लग गई। इस हादसे में चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही जलकर मौत हो गई। घटना में एक अन्य चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर पहुंची अकलतरा पुलिस और दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

सूरजपुर में पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत

दूसरी घटना सूरजपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सुतिया नाला के पास हुई। यहां एक तेज रफ्तार पिकअप ने दो बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा साथी गंभीर रूप से घायल है। घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने पिकअप चालक की पिटाई कर दी, हालांकि वह भीड़ को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा। बताया जा रहा है कि उक्त पिकअप जब्त किया हुआ अवैध धान लेकर लौट रहा था। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *