तीन मजदूरों की मौत पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, कोल्ड स्टोरेज संचालक पर FIR दर्ज

सूरजपुर (छत्तीसगढ़)। औद्योगिक क्षेत्र नैनपुर स्थित मित्तल कोल्ड स्टोरेज एंड एग्रो प्रोडक्ट के राइस मिल में हुए दर्दनाक हादसे को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में तीन मजदूरों की मौत के बाद कोतवाली पुलिस ने राइस मिल संचालक संदीप अग्रवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत FIR दर्ज की है।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा 13 दिसंबर को उस समय हुआ था जब राइस मिल में मजदूर बोरी में चावल भरने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मिल परिसर में बनी एक पुरानी और जर्जर पार्टीशन दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से वेद सिंह, भोजसाय और चुनगढ़ी गांव निवासी विपुल राजवाड़े की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर एस. जयवर्धन और एसएसपी प्रशांत ठाकुर स्वयं मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने हादसे को गंभीर लापरवाही का मामला बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

प्रशासन और पुलिस द्वारा की गई विस्तृत जांच में यह सामने आया कि कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन ने मजदूरों को किसी भी प्रकार के सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए थे। इसके अलावा, कमजोर और खतरनाक दीवार के पास मजदूरों से काम कराया जा रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।

जांच रिपोर्ट के आधार पर अब कोतवाली पुलिस ने मिल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की आगे जांच जारी है और यदि अन्य जिम्मेदारों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *