जगदलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज, 7 फरवरी को छत्तीसगढ़ के एक दिवसीय प्रवास पर जगदलपुर पहुंच रही हैं। राष्ट्रपति का यह दौरा बस्तर की सांस्कृतिक अस्मिता और जनजातीय गौरव के लिए बेहद खास माना जा रहा है। वे यहां संभाग स्तरीय ‘बस्तर पंडुम 2026’ महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ करेंगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से बस्तर की पारंपरिक कलाओं और आदिवासी जीवन शैली को वैश्विक पटल पर प्रदर्शित करने का प्रयास किया जा रहा है।
राष्ट्रपति मुर्मू सुबह लगभग 10:30 बजे जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचेंगी, जहां से वे सीधे महोत्सव स्थल के लिए रवाना होंगी। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति बस्तर के पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और जनजातीय कलाकृतियों पर आधारित प्रदर्शनी स्टालों का अवलोकन करेंगी। वे स्थानीय शिल्पकारों और कलाकारों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन भी करेंगी। इसके पश्चात मुख्य मंच पर दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ ‘बस्तर पंडुम’ का विधिवत उद्घाटन होगा। इस अवसर पर बस्तर के लोक नर्तक अपने पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति सुबह 11:10 से दोपहर 12:15 तक मुख्य समारोह में मौजूद रहेंगी। वे वहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए आदिवासी संस्कृति के संरक्षण पर अपना संदेश देंगी। इसके बाद वे रायपुर होते हुए नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।
वहीं, इस महोत्सव के समापन समारोह (8 फरवरी) में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शिरकत करेंगे। अमित शाह आज रात ही रायपुर पहुंच जाएंगे, जहां वे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उच्चाधिकारियों के साथ नक्सलवाद के उन्मूलन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। अगले दिन वे बस्तर पहुंचकर महोत्सव के समापन कार्यक्रम में भाग लेंगे। राज्य शासन ने राष्ट्रपति और गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और पूरे बस्तर संभाग में उत्साह का माहौल है।