नई दिल्ली। भारत ने शुक्रवार को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित एक शिया मस्जिद में हुए आत्मघाती हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। इसके साथ ही भारत ने इस घटना में नई दिल्ली की संलिप्तता के पाकिस्तान के दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इस हमले को निंदनीय बताया और स्पष्ट किया कि ऐसे निराधार आरोप पाकिस्तान की अपनी आंतरिक विफलताओं से दुनिया का ध्यान भटकाने की कोशिश मात्र हैं।
भारत की यह प्रतिक्रिया पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने हमले के पीछे भारत और अफगानिस्तान का हाथ होने का आरोप लगाया था। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत इस हमले में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त करता है, लेकिन पाकिस्तान द्वारा लगाए गए बेबुनियाद आरोपों को स्वीकार नहीं करता। मंत्रालय ने आगे कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान अपनी सामाजिक और सुरक्षा चुनौतियों का समाधान करने के बजाय बार-बार बाहरी ताकतों को दोष देने की नीति अपना रहा है।
उल्लेखनीय है कि इस्लामाबाद के तर्लई इलाके में स्थित खदीजतुल कुबरा इमामबाड़ा में शुक्रवार की नमाज के दौरान एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया था। इस भीषण विस्फोट में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई और 160 से अधिक लोग घायल हुए हैं। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, हमलावर ने मस्जिद के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा बलों द्वारा रोके जाने के बाद खुद में विस्फोट कर दिया। फिलहाल किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, हालांकि पुलिस सूत्रों को इसके पीछे टीटीपी का हाथ होने की आशंका है।