बिलासपुर। आज दिनांक 6/2/27 का दिन, बिलासपुर रेंज की पुलिस के लिए एक नवाचार के शुभारंभ का साक्षी बना। आज बिलासपुर पुलिस लाइन के चेतना हाल में संभाग आयुक्त अनिल जैन, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं DIG तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह की प्रत्यक्ष एवं रेंज के जिलों—कोरबा, रायगढ़, जांजगीर चांपा, मुंगेली, जीपीएम, सारंगढ़ एवं सक्ती के पुलिस अधीक्षकों की वर्चुअली उपस्थिति के दौरान, “अनुभव” क्यू आर कोड का शुभारंभ किया गया।
इस क्यू आर कोड को स्कैन करके आम जन थाने से संबंधित अपना फीडबैक दे सकेंगे। इस अवसर पर आईजीपी रामगोपाल गर्ग ने, जो इस ऐप के प्रणेता भी हैं, अपने उद्बोधन में बताया कि अब समय आ गया है कि पुलिस तकनीकी रूप से सक्षम बने और आम जन भी सरल तकनीक के माध्यम से पुलिस के साथ अपने अनुभव साझा कर सकें। इसके लिए यह पहल ‘अनुभव’ के माध्यम से प्रारम्भ की जा रही है। इसमें थाने और पुलिस के अन्य कार्यालयों में क्यू आर कोड लगाए गए हैं, जिन्हें अपने मोबाइल से स्कैन करके कोई भी व्यक्ति अपना फीडबैक दे सकता है।

कोड को स्कैन करने पर एक सरल गूगल फॉर्म खुलता है, जिसमें प्रश्नोत्तर के माध्यम से संबंधित व्यक्ति अपना फीडबैक दे सकता है, जो सबमिट करने पर सीधे पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में दर्ज हो जाएगा। फीडबैक देने वाला व्यक्ति चाहे तो अपनी पहचान और मोबाइल नंबर भी गोपनीय रख सकता है, इसे पूरी तरह से वैकल्पिक रखा गया है। आईजीपी गर्ग ने आगे बताया कि आज से रेंज के सभी आठ जिलों में एक साथ इस ‘अनुभव’ सिस्टम का आरम्भ किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह पुलिस प्रशासन की ऐसी पहल है, जिससे आम जन अपना अनुभव और समस्याएं बिना किसी वरिष्ठ कार्यालय के चक्कर काटे सीधे बता सकते हैं। संभागायुक्त अनिल जैन ने कहा कि नवाचार को अपनाना वर्तमान समय की मांग है। हम जनता के सेवक हैं, इसलिए हमारे काम का पर्यवेक्षण भी आमजन के द्वारा ही किया जाना चाहिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि बिलासपुर जिले के सभी थानों में ‘अनुभव’ के लिए क्यू आर कोड लगा दिए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशिमोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल एवं पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी ने भी अपने विचार रखे। अंत में आईजीपी रामगोपाल गर्ग ने आम जनों से अपील की है कि इसका सदुपयोग करें और वास्तविक फीडबैक देकर व्यवस्था में सुधार के सहभागी बनें।