रायपुर। राजधानी के सड्डू में निर्मित ‘‘ज्ञानोदय हब’’ का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा किया जाएगा। आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग विकास विभाग द्वारा तैयार किए गए इस हब का उद्देश्य शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की नींव को मजबूत करना है। इसके शुरू होने से रायपुर में अनुसूचित जाति, जनजाति, ओबीसी और कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने आज ज्ञानोदय हब सहित विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों का निरीक्षण किया। उन्होंने कालीबाड़ी और पेंशनबाड़ा स्थित पुराने छात्रावासों के स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त चार-चार मंजिला नए हॉस्टल भवन निर्माण के निर्देश दिए। इसके साथ ही सड्डू और डूंडा में निर्मित पांच हॉस्टल भवनों का भी निरीक्षण किया गया, जहां लगभग एक हजार विद्यार्थियों के लिए आवासीय सुविधाएं विकसित की गई हैं।
प्रमुख सचिव बोरा ने बताया कि इन हॉस्टलों में रहने वाले विद्यार्थियों को सिविल सेवा, एनडीए, क्लैट, नेट, स्लेट, पीटी, पीएमटी, आईआईटी और मेडिकल सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। सड्डू परिसर का विकास लगभग 18 एकड़ तथा डूंडा हॉस्टल परिसर का विकास 10 एकड़ से अधिक भूमि में किया गया है।
नवनिर्मित हॉस्टलों में एकलव्य ड्रॉपर छात्रों के लिए 500 सीटर कोचिंग सुविधा, ओबीसी बालक-बालिकाओं के लिए 100-100 सीट, तथा अनुसूचित जनजाति की बालिकाओं के लिए व्यवसायिक शिक्षा, शोध और उच्च शिक्षा हेतु 250 सीटें शामिल हैं। इन परियोजनाओं पर कुल 35 करोड़ 30 लाख 64 हजार रुपये की लागत आई है। निरीक्षण के दौरान संयुक्त सचिव बी.एस. राजपूत, अपर संचालक आर.एस. भोई, कार्यपालन अभियंता त्रिदीप चक्रवर्ती, सहायक आयुक्त शरदचंद्र शुक्ला सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।