सक्ती। जिले के ग्राम पंचायत केरीबंधा में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का समापन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा अजजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने की।
समारोह में पहुँचने पर आयोजन समिति की विद्या सिदार और अन्य सदस्यों द्वारा मुख्य अतिथि का गजमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से भेंट मुलाकात कर और टॉस उछालकर फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।

खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने की नसीहत मुख्य अतिथि समीर उरांव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि केरीबंधा के मैदान में खेल भावना, सामाजिक एकजुटता और ग्रामीण संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला है। उन्होंने कहा, “गांव की संस्कृति और परंपरा को जीवंत रखना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल हमारी पहचान हैं और ये युवाओं को नशे व भटकाव से दूर रखकर सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।” उन्होंने युवाओं से खेलों को करियर के रूप में अपनाने और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने का प्रयास कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि खेल शारीरिक मजबूती के साथ मानसिक दृढ़ता और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। जिला प्रशासन ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और ऐसे आयोजनों को हमेशा सहयोग दिया जाएगा।
आयोजन समिति की विद्या सिदार ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को एक मंच प्रदान करना और उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाना है। क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति जुनून को देखते हुए उन्होंने भविष्य में और भी बड़े आयोजन करने का भरोसा दिलाया।

विजेता टीमों पर हुई धनवर्षा प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबलों के बाद पुरस्कार वितरण किया गया:
- प्रथम पुरस्कार: सक्ती जिला कबड्डी टीम (₹35,000 नगद और शील्ड)।
- द्वितीय पुरस्कार: देवरी टीम (₹25,000 नगद और शील्ड)।
समापन समारोह में हजारों की संख्या में खेल प्रेमी, भाजपा पदाधिकारी, सदस्य और ग्रामीण उपस्थित रहे। रोमांचक मुकाबलों ने इस आयोजन को यादगार बना दिया। ग्रामीणों के आग्रह पर आयोजन समिति ने इस प्रतियोगिता को प्रतिवर्ष आयोजित करने का निर्णय लिया है।