मुंगेली। जिले के जरहागांव थाना अंतर्गत ग्राम फरहदा में हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुरानी रंजिश और बातचीत की शंका को इस वारदात की मुख्य वजह बताया जा रहा है।
मामले का विवरण देते हुए एडिशनल एसपी नवनीत कौर चाबड़ा ने बताया कि प्रार्थी अर्जुन साहू ने 3 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, करीब ढाई माह पूर्व मृतक कोमल साहू का गांव के जयपाल उर्फ कल्लू साहू से विवाद हुआ था। जयपाल को शंका थी कि कोमल उसकी बहन से बातचीत करता है। इसी बात को लेकर आरोपियों के मन में रंजिश थी।
घटना 2 फरवरी 2026 की रात लगभग 10:30 बजे की है। ग्राम फरहदा के खरवोरवा तालाब के पास जयपाल साहू और उसके साथी हितेश उर्फ हरिओम कश्यप ने अर्जुन और कोमल के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान हितेश ने बटनदार चाकू से कोमल साहू और अर्जुन साहू पर हमला कर दिया। हमले में कोमल साहू के पेट में गंभीर चोट आई, जिसकी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम का गठन किया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े और मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
पुलिस ने इस मामले में हितेश उर्फ हरिओम कश्यप (18 वर्ष) और जयपाल उर्फ कल्लू साहू (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।