कोरिया, 4 फरवरी 2026/ विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में कैंसर की आशंका वाले मरीजों की जांच एवं स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान कैंसर की प्रारंभिक पहचान, रोकथाम एवं जागरूकता को लेकर विशेष गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
कलेक्टर चन्दन त्रिपाठी ने कहा कि समय पर जांच से कैंसर की पहचान संभव है तथा समय रहते उपचार कराने से इस गंभीर बीमारी से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे बढ़ती उम्र के साथ नियमित अंतराल पर स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं।
विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, कैंसर के जोखिम कारकों से बचाव तथा इसके प्रारंभिक लक्षणों की जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित लोगों को कैंसर से बचाव हेतु शपथ भी दिलाई गई।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दिया गया। सरईगहना, तेंदुआ, देवरी एवं घुघरा में ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर एवं सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में कैंसर के कारणों, जोखिम कारकों एवं लक्षणों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन डॉ. आयुष जायसवाल ने कहा कि कैंसर निश्चित रूप से एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर जांच एवं उपचार से मरीजों को राहत मिलती है। उन्होंने बताया कि धूम्रपान एवं तंबाकू के सेवन से कैंसर होने की आशंका बढ़ जाती है। साथ ही महिलाओं से अपील की कि वे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में जाकर नियमित जांच अवश्य कराएं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य आमजन को कैंसर के प्रति जागरूक कर समय पर जांच एवं उपचार को प्रोत्साहित करना रहा।
स./मानिकपुरी