दुर्ग। मोहन नगर–धमधा नाका ओवरब्रिज से रेलवे ट्रैक पर कूदे एक युवक को डायल-112 की टीम ने त्वरित रेस्क्यू कर सुरक्षित बचा लिया है। समय पर मिली सहायता और अस्पताल पहुँचाए जाने से युवक की जान बच गई है। इस सराहनीय कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा दोनों आरक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है।
घटना का विवरण दिनांक 03.02.2026 को सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक मानसिक तनाव और नशे की स्थिति में मोहन नगर–धमधा नाका ओवरब्रिज से नीचे रेलवे ट्रैक की ओर कूद गया है। सूचना मिलते ही डायल-112 मोहन नगर की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संवेदनशील रेस्क्यू कार्रवाई करते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल युवक को तुरंत उपचार हेतु शासकीय अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ समय पर इलाज मिलने से उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर है।

युवक की जानकारी घायल युवक की पहचान भानुप्रताप देशमुख (उम्र 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वार्ड क्रमांक 13, जेवर सिरसा, दुर्ग का निवासी है और नगर निगम भिलाई में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत है।
आरक्षक हुए सम्मानित इस रेस्क्यू ऑपरेशन में डायल-112 मोहन नगर में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 1077 हिमांशु जंघेल एवं चालक क्रमांक 273 धर्मेंद्र देशमुख की सतर्कता और मानवीय भूमिका सराहनीय रही। उनकी इस कर्तव्यनिष्ठा के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग ने दोनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

दुर्ग पुलिस की अपील दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मानसिक तनाव या किसी भी आपात स्थिति में गलत कदम न उठाएं। तत्काल सहायता के लिए 112 नंबर पर संपर्क करें, क्योंकि समय पर मिली सूचना किसी का कीमती जीवन बचा सकती है।