नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के भाषण के दौरान जबरदस्त हंगामा हुआ, जिसके बाद सदन की कार्यवाही को अगले दिन सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा। इस दौरान विपक्षी सांसदों द्वारा आसन की ओर कागज के टुकड़े उछालने की घटना के बाद कड़ी कार्रवाई करते हुए 8 सांसदों को पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है।
निलंबित होने वाले सांसदों में चमाला किरण रेड्डी, वेकंटरमन, गुरजीत औजला, मणिकम टैगोर, राजा वडिंग, हिबी ईडन, प्रशांत पडोले और डीन कुरियाकोस शामिल हैं। निलंबन की घोषणा के बाद भी सदन में नारेबाजी और कागज फेंकने का सिलसिला जारी रहा।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब राहुल गांधी पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की एक अप्रकाशित किताब के अंशों का हवाला देते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा और चीन-पाकिस्तान के मुद्दों पर बोल रहे थे। स्पीकर ने उन्हें टोकते हुए दूसरे सांसदों को बोलने का मौका दिया, जिससे विपक्षी दल नाराज हो गए।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के रुख पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी एक मैगजीन में छपे लेख और अप्रकाशित किताब के आधार पर सदन को गुमराह करने और कार्यवाही बाधित करने का प्रयास कर रहे हैं। रिजिजू ने कहा कि सदन ऐसे संवेदनशील विषयों पर केवल तथ्यों के आधार पर चर्चा सुनने के लिए तैयार है। जब आसन पर बैठे कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने राहुल गांधी को अपनी बात रखने के लिए आमंत्रित किया, तो उन्होंने इसे देश की सुरक्षा से जुड़ा अहम विषय बताया, जिस पर सत्ता पक्ष ने तीखा विरोध दर्ज कराया।