दुर्ग। सड़क सुरक्षा माह के समापन अवसर पर दुर्ग पुलिस ने एक बार फिर आमजनों को जागरूक करने के लिए प्रभावी कदम उठाया है। 31 जनवरी 2026 को कुम्हारी में आयोजित विशाल किसान सम्मेलन के दौरान यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा यातायात नियमों पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी एवं झांकी का आयोजन किया गया।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने थपथपाई पीठ किसान सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि मंत्री, ने दुर्ग पुलिस के इन प्रयासों का अवलोकन किया। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जन-जागरूकता कार्यों की जमकर सराहना की। इस मौके पर दुर्ग पुलिस ने केंद्रीय मंत्री को विशेष सड़क सुरक्षा कैलेंडर भी भेंट किया। इस कैलेंडर की खासियत यह है कि इसमें साल के 12 महीनों के लिए “एक नियम – एक सुरक्षा” की अवधारणा पर आधारित यातायात के 12 प्रमुख नियमों को प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी और झांकी से दी गई समझाइश यातायात प्रदर्शनी और झांकी के माध्यम से सम्मेलन में पहुंचे हजारों नागरिकों को सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण क्या हैं और उनसे कैसे बचा जा सकता है।
प्रमुख निर्देश और अपील:
हेलमेट और सीट बेल्ट: दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग।
गति सीमा: वाहनों को निर्धारित गति सीमा के भीतर ही चलाने की सलाह।
नशा और वाहन: नशे की हालत में वाहन न चलाने के संबंध में सख्त समझाइश।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। सड़क सुरक्षा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवन बचाने की एक सामूहिक जिम्मेदारी है।