कापसी वनपरिक्षेत्र में अवैध सागौन लकड़ी का बड़ा जखीरा बरामद, पांच लाख से ज्यादा की लकड़ी जब्त

कांकेर। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के कापसी वनपरिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग की टीम ने ग्राम पिपली में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध सागौन की लकड़ी बरामद की है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के लकड़ी माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

वन विभाग को पिपली गांव में सागौन की लकड़ी के अवैध भंडारण की पुख्ता सूचना मिली थी। इस आधार पर कापसी वनपरिक्षेत्र की टीम ने दो संदिग्ध आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी। तलाशी के दौरान परिसर से भारी मात्रा में सागौन चिरान और लट्ठा बरामद हुआ। विभाग ने कुल 254 नग सागौन जब्त किया है, जिसका कुल आयतन 7.549 घन मीटर आंका गया है।

वन अधिकारियों के अनुसार जब्त की गई लकड़ी की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 5 लाख 13 हजार रुपये है। विभाग ने इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया है। मौके पर लकड़ी परिवहन में उपयोग किए जाने वाले संभावित साधनों की भी जांच की गई है।

पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध वन अधिनियम 1927 और छत्तीसगढ़ वन उपज व्यापार विनियमन अधिनियम 1969 के विभिन्न प्रावधानों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वनों की सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आने वाले दिनों में अवैध कटाई व तस्करी को रोकने के लिए निगरानी और छापेमारी अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *