सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए हैं। रैगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ललचहा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक बच्ची बर्तन धोते हुए दिख रही है, जबकि आंगनबाड़ी सहायिका पास में बैठकर आराम कर रही हैं। इस घटना ने विभाग की असंवेदनशीलता और लापरवाही को उजागर किया है।
वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि बच्ची झुककर बर्तन धो रही है, जबकि आंगनबाड़ी सहायिका कुर्सी पर आराम से बैठी हैं। यह घटना नागौद परियोजना क्रमांक-1 के अंतर्गत खखरौंधा ग्राम पंचायत के ललचहा आंगनबाड़ी केंद्र में हुई। यहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राधा रजक और सहायिका अंजना लोधी तैनात हैं।
आरोप है कि बच्ची ने पोषण आहार की मांग की थी, जिसके बाद उसे बर्तन धोने का काम सौंपा गया। आंगनबाड़ी केंद्रों का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पोषण और सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है, लेकिन इस घटना ने पूरी व्यवस्था की पोल खोल दी है।