ठंड से राहत और बारिश का अलर्ट: छत्तीसगढ़ के मध्य हिस्से से सर्दी की विदाई, तापमान में बढ़ोतरी जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहा। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रायपुर में 31.1 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार 2 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिलेगा। सोमवार से उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में बारिश शुरू होने की संभावना है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फरवरी महीने में पश्चिमी विक्षोभ का असर अक्सर देखने को मिलता है, जिससे बादल छाने, बारिश और कई बार ओलावृष्टि की स्थिति बनती है। इस बार भी फरवरी के पहले सप्ताह में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। वातावरण में नमी बढ़ने से दिन और रात के तापमान में इजाफा होगा और ठंड का असर धीरे-धीरे कम होगा।

फरवरी में ठंड की विदाई का असर प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में पहले दिखाई देगा, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड कुछ समय तक बनी रह सकती है।

बीते वर्षों के तापमान रिकॉर्ड पर नजर डालें तो रायपुर में वर्ष 2009 में फरवरी के अंत में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। इसी तरह पेंड्रा, जगदलपुर, अंबिकापुर और बिलासपुर में भी फरवरी महीने में तेज गर्मी के रिकॉर्ड दर्ज किए जा चुके हैं। इस बार भी तापमान इसके आसपास पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

फिलहाल रायपुर में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक बना हुआ है। सुबह हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दिन में गर्मी बढ़ रही है।

राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह हल्की धुंध छाने की संभावना है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *