नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज लोकसभा में अपना रिकॉर्ड 9वां बजट पेश किया। बजट 2026 में मोदी सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग और ग्रामीण विकास पर सबसे ज्यादा जोर दिया है। वित्त मंत्री ने घोषणा की कि भारत 7% की विकास दर के साथ ‘विकसित भारत’ के विजन की ओर मजबूती से बढ़ रहा है।
रेलवे और इंफ्रास्ट्रक्चर: 7 हाई-स्पीड कॉरिडोर
बजट का सबसे बड़ा आकर्षण रेलवे रहा। वित्त मंत्री ने देश के प्रमुख शहरों के बीच 7 हाई-स्पीड ट्रेन कॉरिडोर शुरू करने का ऐलान किया है। ये रूट इस प्रकार हैं:
पुणे-मुंबई
पुणे-हैदराबाद
हैदराबाद-बेंगलुरु
हैदराबाद-चेन्नई
चेन्नई-बेंगलुरु
दिल्ली-वाराणसी
वाराणसी-सिलिगुड़ी
उद्योग और रोजगार: मेगा टेक्सटाइल पार्क और MSME
मेगा टेक्सटाइल पार्क: कपड़ा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए ‘चैलेंज मोड’ में बड़े टेक्सटाइल पार्क स्थापित किए जाएंगे।
महात्मा गांधी ग्राम स्वराज: खादी और हथकरघा को मजबूत करने के लिए इस नई पहल की शुरुआत की गई है।
MSME: छोटे उद्योगों (SME) के लिए 10,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है ताकि उन्हें ‘चैंपियन’ बनाया जा सके।
सेमीकंडक्टर मिशन 2.0: तकनीक के क्षेत्र में भारत को आगे बढ़ाने के लिए इसका अगला चरण लॉन्च किया गया है।
खनिज और माइनिंग: 4 राज्यों में रेयर-अर्थ कॉरिडोर
खनिज संपदा से भरपूर राज्यों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए वित्त मंत्री ने ओडिशा, केरल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में समर्पित ‘रेयर-अर्थ कॉरिडोर’ (Rare-Earth Corridor) बनाने का प्रस्ताव रखा है। इसके साथ ही केरल और तमिलनाडु में नए माइनिंग कॉरिडोर भी विकसित किए जाएंगे।
आम जनता और खेलकूद के लिए राहत
सस्ते होंगे खेल के सामान: खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए खेलकूद के सामानों पर टैक्स कम किया गया है, जिससे वे सस्ते होंगे।
पेयजल और गांव: ग्रामीण क्षेत्रों के लिए ‘महात्मा गांधी स्वरोजगार योजना’ और बुनियादी सुविधाओं के लिए फंड जारी किया गया है।
बायोफार्मा: दुर्लभ बीमारियों की दवाओं और बायोफार्मा सेक्टर पर सरकार का विशेष फोकस रहेगा।
वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि वैश्विक चुनौतियों और बदलती तकनीक के बीच भारत अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाकर दुनिया के बाजारों में अपनी धाक जमाएगा।