बैकुंठपुर (कोरिया)। जिले के मानस भवन बैकुंठपुर में शनिवार को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के समापन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। 1 जनवरी से 31 जनवरी तक आयोजित इस एक माह के व्यापक जन जागरूकता अभियान का समापन माननीय स्वास्थ्य मंत्री, विधायक, कलेक्टर और भारी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों की मौजूदगी में हुआ।
नियमों का पालन ही असमय मौत से बचाएगा: मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल रहे। उन्होंने सरल शब्दों में संदेश दिया कि यातायात नियमों के पालन से इंसान सड़क दुर्घटनाओं के दौरान होने वाली असमय मौत से बच सकता है। उन्होंने कोरिया पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की जमकर सराहना की और लोगों से अपील की कि वे ओवर स्पीडिंग और अनियंत्रित गति से वाहन न चलाएं।

लाइसेंस के बाद ही हो वाहन का रजिस्ट्रेशन: विधायक भैया लाल राजवाड़े कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बैकुंठपुर विधायक भैया लाल राजवाड़े ने नियमों के कड़ाई से पालन पर जोर दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि पहले लाइसेंस बनने के बाद ही किसी व्यक्ति के नाम पर वाहन का रजिस्ट्रेशन होना चाहिए, ताकि चालक नियमों से पूरी तरह परिचित हो और दुर्घटनाओं में कमी आए।
कोरिया कलेक्टर और एसपी ने दिया सुरक्षा का संदेश कलेक्टर कोरिया चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि नागरिकों को सुरक्षा की चुनौतियों के बारे में जागरूक करना ही इस माह का मुख्य उद्देश्य रहा। उन्होंने पक्षियों का उदाहरण देते हुए सुरक्षित जीवन की अपील की। वहीं, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने एक माह का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान 115 चालकों की आंखों की जांच, रिफ्लेक्टर टेप लगाना और नियमों का पालन करने वालों को गुलाब भेंट करने जैसे कार्य किए गए। उन्होंने ‘गुड सेमेरिटन’ (अच्छे मददगार) के बारे में जानकारी देते हुए घायलों की मदद के लिए लोगों को प्रेरित किया।
महिला सशक्तिकरण की दिखी अनूठी झलक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुरेशा चौबे के नेतृत्व में पुलिस विभाग की महिला आरक्षकों ने रानी लक्ष्मीबाई, सरोजिनी नायडू, इंदिरा गांधी, प्रतिभा पाटिल और किरण बेदी जैसी हस्तियों के रूप में महिला सशक्तिकरण का सुंदर चित्रण प्रस्तुत किया।
इन्हें मिला सम्मान और पुरस्कार:
- गुड सेमेरिटन सम्मान: सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले वैभव सिंह, संजय सोलंकी, अंचल किशोर राजवाड़े सहित 22 लोगों को सम्मानित किया गया।
- चिकित्सकों का सम्मान: नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मधुरिमा पैकरा और उनकी टीम को स्वास्थ्य शिविरों के सफल संचालन के लिए सम्मानित किया गया।
- निर्णायक गण और प्रतिभागी: प्रतियोगिताओं में निर्णायक रहे व्याख्याताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले स्कूली बच्चों व विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए गए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन कार्यक्रम में नन्हें बच्चों (निशि, नयन, सौम्या, सुहानी, ओम, अंश) और विभिन्न विद्यालयों (सुंदरपुर, कन्या स्कूल बैकुंठपुर, ज्ञान कुंज) के छात्रों ने यातायात जागरूकता पर आधारित मनमोहक नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का सफल संचालन यातायात हवलदार महेश मिश्रा ने किया।

उपस्थिति: इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे, उप पुलिस अधीक्षक श्याम मधुकर, नेल्सन कुजूर, राजेश साहू, रक्षित निरीक्षक नीतीश आर नायर सहित जिले के सभी थानों के प्रभारी, पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।