बुलावायो। ICC पुरुष अंडर-19 वर्ल्ड कप के सुपर सिक्स मुकाबले में रविवार को भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। इस मैच में भारत की नजरें अंडर-19 एशिया कप फाइनल में मिली करारी हार का बदला लेने पर होंगी।

आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय टीम टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है। ग्रुप स्टेज में USA, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड को हराने के बाद भारत ने सुपर सिक्स में जिम्बाब्वे को 204 रनों से मात दी। बल्लेबाजी में अभिज्ञान कुंडू, वैभव सूर्यवंशी और विहान मल्होत्रा शानदार फॉर्म में हैं, जबकि गेंदबाजी में हेनिल पटेल और उद्धव मोहन ने प्रभावित किया है।
दूसरी ओर पाकिस्तान ने शुरुआती हार के बाद जोरदार वापसी की है। सुपर सिक्स में न्यूजीलैंड पर 8 विकेट की जीत से उसका आत्मविश्वास बढ़ा है। समीर मिन्हास और तेज गेंदबाज अली रजा भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा माने जा रहे हैं।
एशिया कप फाइनल की यादें और पुरानी प्रतिद्वंद्विता इस मुकाबले को और रोमांचक बना रही हैं।