पीएचई सचिव ने ली जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक

कोरिया, 30 जनवरी 2026/
छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जल जीवन मिशन से संबंधित समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

बैठक में कलेक्टर चन्दन त्रिपाठी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियंता श्री संजय सिंह, अधीक्षण अभियंता प्रमोद सिंह कतलम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक के दौरान सचिव ने ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर नियमित शुद्ध पेयजल आपूर्ति, नल कनेक्शनों की प्रगति, तकनीकी गुणवत्ता, सोलर आधारित जल प्रदाय योजनाओं तथा जल स्रोतों की स्थिरता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने प्रगतिरत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के सख्त निर्देश दिए।

सचिव हक ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक ग्रामीण परिवार को व्यक्तिगत नल कनेक्शन के माध्यम से सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने, लापरवाह ठेकेदारों पर कार्रवाई करने तथा फील्ड निरीक्षण बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में पानी की शुद्धता सुनिश्चित करने हेतु फील्ड टेस्ट किट से नियमित जांच, पानी की टंकियों की सफाई, क्लोरीनेशन, आरसीसी टंकियों एवं वितरण प्रणाली के तकनीकी निरीक्षण पर भी चर्चा की गई। साथ ही नल-जल मित्रों के प्रशिक्षण और जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन पर जोर दिया गया।

सचिव ने कहा कि जल जीवन मिशन की सफलता में ग्राम पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए जनपद पंचायत सीईओ को सरपंच-सचिव के साथ बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अपशिष्ट जल प्रबंधन पर भी ध्यान देने की आवश्यकता बताई।

बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, क्रेडा, ऊर्जा विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *