कोरिया, 30 जनवरी 2026/
निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम–2026 के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा जिले के लिए नियुक्त रोल ऑब्जर्वर श्री मोहम्मद कैसर अब्दुल हक ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, बैकुंठपुर में पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान रोल ऑब्जर्वर ने कोरिया जिले में तहसीलवार तार्किक त्रुटियों (लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी) से जुड़े प्रकरणों की क्लस्टर स्तर पर की जा रही सुनवाई, दस्तावेजों के परीक्षण तथा फॉर्म-6 एवं फॉर्म-7 के ऑनलाइन निराकरण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी ली। साथ ही तहसीलदार एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा संपादित कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रोल ऑब्जर्वर ने निर्देशित किया कि निर्वाचक नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि मतदाता सूची त्रुटिरहित एवं अद्यतन हो सके।
रोल आब्जर्वर श्री मोहम्मद कैसर अब्दुल हक ने मतदान केंद्र 144 सुरमी तथा मतदान केंद्र 118 चेर पहुंचकर बीएलओ से एसाईआर के सम्बंध में जानकारी प्राप्त की तथा किए जा रहे कार्यों के सम्बंध में जानकारी प्राप्त की और विभिन्न विषयों पर दिशा निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती चन्दन त्रिपाठी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री डी.डी. मंडावी, संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।