कोरिया। कोरिया जिले के पुलिस अधीक्षक को उनके 27 वर्षों के दीर्घ, अनुशासित एवं उत्कृष्ट सेवाकाल के दौरान किए गए सराहनीय कार्यों के लिए ‘राष्ट्रपति पुरस्कार पुलिस पदक’ से सम्मानित किए जाने पर जिले में हर्ष और गौरव का वातावरण है। इस बड़ी उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संयुक्त रूप से पुलिस अधीक्षक से सौजन्य भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
साल और श्रीफल भेंट कर किया सम्मान इस अवसर पर संघ के संभागीय अध्यक्ष राजेश राज गुप्ता, संभागीय महासचिव खगेन्द्र यादव, कोरिया जिला अध्यक्ष कमरुन निशा, एमसीबी जिला अध्यक्ष राज कुमार केशरवानी एवं संघ सदस्य शैलेश गुप्ता उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने परंपरागत तरीके से साल एवं श्रीफल भेंट कर पुलिस अधीक्षक का सम्मान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पूरे जिले के लिए गौरव की बात पत्रकार संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस अधीक्षक का यह सम्मान केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे पुलिस विभाग और कोरिया जिले के लिए गौरव की बात है। 27 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण, आमजन की सुरक्षा और संवेदनशील मामलों के निष्पक्ष निराकरण में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उनकी कार्यशैली अनुशासन, पारदर्शिता और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण रही है।
कर्तव्यनिष्ठा और साहस का प्रतिफल संघ पदाधिकारियों ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी कर्तव्य पथ पर डटे रहकर सेवा करना आसान नहीं होता, लेकिन पुलिस अधीक्षक ने अपनी पूरी सर्विस के दौरान निष्ठा, ईमानदारी और साहस के साथ दायित्वों का निर्वहन किया है। इसी का प्रतिफल है कि आज उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार पुलिस पदक के रूप में यह सर्वोच्च सम्मान मिला है।
एसपी ने जताया आभार: “यह सम्मान और बेहतर कार्य की प्रेरणा देगा” सम्मान स्वीकार करते हुए पुलिस अधीक्षक ने पत्रकार संघ का आभार व्यक्त किया और कहा— “यह सम्मान मेरे लिए अत्यंत गर्व का विषय है। यह पुरस्कार मेरे 27 वर्षों के सेवाकाल में किए गए परिश्रम, अनुशासन और निरंतर तपस्या का फल है। इसमें मेरे वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मी पुलिसकर्मियों और आम जनता के सहयोग की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। यह सम्मान मुझे आगे भी और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा।”
कार्यक्रम के अंत में सभी ने पुलिस अधीक्षक के स्वस्थ, सफल एवं प्रेरणादायी सेवाकाल की कामना की। यह सम्मान समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसने प्रशासन और मीडिया के बीच एक सकारात्मक समन्वय का संदेश दिया।