
दुर्ग जिले में पुरानी पैसों की वसूली को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या के मामले में सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी का सिलसिला तेज हो गया है, जबकि अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 जनवरी 2026 को थाना सुपेला से मर्ग क्रमांक 0/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग डायरी प्राप्त हुई थी। मर्ग जांच के दौरान मृतक ऋषि निर्मलकर के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट और जांच में सामने आया कि होटल 36 इन, इंदिरा मार्केट दुर्ग में पुराने पैसों की वसूली को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपियों ने ऋषि निर्मलकर के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की थी। मारपीट में आई गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच में अपराध प्रमाणित पाए जाने पर थाना दुर्ग में अपराध क्रमांक 48/2026, धारा 103, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने पहले आरोपी प्रशांत राव (26 वर्ष), निवासी ओम नगर उरला, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।
विवेचना के दौरान प्रशांत राव के मेमोरेंडम कथन के आधार पर दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही थी। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर लक्की उर्फ किशन कुमार ध्रुवे (18 वर्ष 04 माह), निवासी जयंती नगर दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने भी अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह पूरा विवाद पुरानी रकम की वसूली को लेकर हुआ था, जो हिंसक रूप ले बैठा और एक युवक की जान चली गई। मामले में अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।