कोरबा में विद्युत विभाग के सहायक अभियंता को 50,000 रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार

बिलासपुर: एसीबी बिलासपुर ने कोरबा जिले के दीपका में सीएसपीडीसीएल (विद्युत विभाग) के सहायक अभियंता को 50,000 रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर किसान से रिश्वत की मांग की थी।

डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि ग्राम रलिया, जिला कोरबा निवासी श्यामता टंडन की शिकायत पर कार्रवाई की गई। शिकायत के अनुसार, ग्राम दर्री, जिला कोरबा में कृषि जमीन पर ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए सीएसपीडीसीएल दीपका के सहायक अभियंता सत्येंद्र दिवाकर ने निरीक्षण किया और ट्रांसफार्मर लगाने के अलावा नाश्ता-पानी के नाम पर 80,000 रुपए की मांग की।

प्रार्थी ने पहले 30,000 रुपए अदा किए थे, लेकिन शेष 50,000 रुपए देने की व्यवस्था करते हुए एसीबी टीम ने ट्रैप लगाया। 28 जनवरी को दीपका स्थित कार्यालय में आरोपी द्वारा रिश्वत राशि लेते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई।

अभियुक्त के खिलाफ एसीबी धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *