
धमतरी:
छत्तीसगढ़ राज्य में साइबर अपराधों की रोकथाम, त्वरित विवेचना और डिजिटल सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आज एक महत्वपूर्ण पहल की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने प्रदेश में स्थापित 8 नवीन साइबर थानों का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। इसी कार्यक्रम के अंतर्गत धमतरी साइबर थाना का विधिवत शुभारंभ भी किया गया।
धमतरी साइबर थाना जिले में बढ़ते साइबर अपराधों जैसे ऑनलाइन ठगी, बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया दुरुपयोग, फर्जी कॉल और डिजिटल भुगतान से जुड़े अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करेगा। यह थाना पीड़ित नागरिकों को त्वरित और विशेषज्ञ तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर महापौर धमतरी रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, कलेक्टर धमतरी अविनाश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में साइबर थानों की स्थापना को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा गया कि इससे साइबर अपराध मामलों में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित होगी और डिजिटल युग में नागरिकों की सुरक्षा और विश्वास सुदृढ़ होगा।
पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, ऑनलाइन अपराध या संदिग्ध डिजिटल गतिविधि की जानकारी समय रहते साइबर थाना या साइबर हेल्पलाइन के माध्यम से दी जानी चाहिए, ताकि प्रभावी और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र पांडेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी मीना साहू, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली, साइबर थाना प्रभारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण और अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।