दतिया जिला अस्पताल में अमानवीय व्यवहार का आरोप, बुजुर्ग महिला व युवक को ठंड में वार्ड से बाहर निकाला, वीडियो वायरल

मध्य प्रदेश के दतिया जिला अस्पताल से मानवता को शर्मसार करने वाले दो मामले सामने आए हैं। अस्पताल में भर्ती एक युवक और एक बुजुर्ग महिला के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किया गया, जिसके वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। घटना के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, पहला मामला जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर का है। यहां भर्ती एक युवक को ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने अचानक वार्ड खाली करने के निर्देश दिए। आरोप है कि युवक की हालत स्थिर होने का हवाला देते हुए उसे जनरल वार्ड में भेजने को कहा गया, जबकि मरीज के हाथ में लगी ड्रिप तक नहीं हटाई गई थी। मरीज और उसके परिजनों द्वारा एक दिन और ट्रामा सेंटर में रखने की गुहार भी डॉक्टरों ने ठुकरा दी। इस दौरान ट्रामा सेंटर के गेट पर हुआ घटनाक्रम वीडियो में कैद हो गया।

सर्दी में फर्श पर पड़ी दिखी बुजुर्ग महिला

दूसरा मामला अस्पताल की गैलरी का है, जहां एक बुजुर्ग महिला ठंड में फर्श पर पड़ी नजर आई। बताया जा रहा है कि महिला का ऑपरेशन होना था, लेकिन परिजनों द्वारा एक दिन बाद ऑपरेशन कराने की बात कहने पर डॉक्टरों ने महिला को वार्ड से बाहर निकाल दिया। यह वीडियो भी सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है।

सिविल सर्जन ने दी सफाई

मामले को लेकर जब सिविल सर्जन डॉ. राठौर से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि दोनों ही मरीजों की स्थिति गंभीर नहीं थी। इसी कारण उन्हें दूसरे वार्ड में शिफ्ट होने के लिए कहा गया। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जानकारी उनके संज्ञान में है।

फिलहाल वायरल वीडियो के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। लोग दोषी डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *