मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। बाणगंगा थाना क्षेत्र में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) में कार्यरत एक महिला कर्मचारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पहले महिला की गतिविधियों की रेकी की, फिर उसके घर में घुसकर हाथ-पैर बांध दिए और टीवी की आवाज तेज कर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

सहकर्मियों ने दी पुलिस को सूचना
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 40 वर्षीय गायत्री धीमान के रूप में हुई है, जो गंगा धाम कॉलोनी में अकेली रहती थीं। जब वह काफी समय तक ऑफिस नहीं पहुंचीं तो उनके साथ काम करने वाले कर्मचारी उनके घर पहुंचे। दरवाजा न खुलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घर के अंदर महिला का शव बरामद किया।
हत्या छिपाने के लिए टीवी की आवाज तेज
डीसीपी राजेश व्यास ने बताया कि महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और हाथ-पैर बंधे हुए थे। गला दबाकर हत्या किए जाने के स्पष्ट निशान मिले हैं। घर में टीवी की आवाज काफी तेज थी, जिससे यह साफ हो गया कि आरोपियों ने वारदात की आवाज बाहर न जाने देने के लिए ऐसा किया था।
कॉलोनी के दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
जांच के दौरान पुलिस को कॉलोनी में ही रहने वाले अमित मौर्य और सुमित मौर्य पर संदेह हुआ। सूचना के आधार पर दोनों आरोपी ऑटो रिक्शा से फरार होने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पीछा करने के दौरान उनका वाहन पलट गया और पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उनका तीसरा साथी अमित राव (निवासी मीना नगर) फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
ब्याज पर पैसा देना बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। बताया गया कि मृतका क्षेत्र के कुछ लोगों को ब्याज पर पैसा उधार देती थी। इसी लेन-देन को लेकर आरोपियों ने महिला के आने-जाने और घर की पहले से रेकी की थी। वारदात के दौरान आहट होने से महिला जाग गई, जिसके बाद आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से उसकी हत्या कर दी।
तीसरे आरोपी की तलाश जारी
हत्या के बाद आरोपी घबराकर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस का कहना है कि तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद यह भी स्पष्ट हो सकेगा कि महिला के घर से कितनी नकदी या कीमती सामान की चोरी की गई है। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।