मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सिवनीमालवा नगर स्थित सांदीपनी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने फेयरवेल पार्टी के नाम पर सार्वजनिक सड़कों पर नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाईं। इस दौरान खुले वाहनों पर सवार छात्र तेज डीजे की धुन पर खतरनाक तरीके से डांस करते नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, फेयरवेल के बाद सैकड़ों छात्र-छात्राएं खुली जीप, कार और ट्रैक्टरों पर सवार होकर नगर की मुख्य सड़कों से गुजरे। कई छात्राएं जीप के बोनट पर बैठकर डांस करती दिखीं, जबकि कुछ छात्र वाहनों के बंपर, छत और बोनट पर लटककर स्टंट करते नजर आए। यह नजारा राहगीरों के लिए भी खतरे का कारण बना।
यातायात नियमों की उड़ाई धज्जियां
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि छात्रों ने यातायात नियमों की पूरी तरह अनदेखी की। तेज आवाज में बजते डीजे और सड़कों पर लापरवाही से किए जा रहे स्टंट से न केवल छात्रों की जान खतरे में पड़ी, बल्कि आम लोगों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए।
नोटिस जारी कर परीक्षा तक निलंबन की चेतावनी
मामले पर स्कूल प्राचार्य ए.एस. राजपूत ने कहा कि फेयरवेल कार्यक्रम स्कूल परिसर के भीतर आयोजित किया गया था और सड़कों पर इस तरह के प्रदर्शन की उन्हें जानकारी नहीं थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीडियो में शामिल छात्र-छात्राओं की पहचान कर उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा और परीक्षा तक निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं जिला शिक्षा अधिकारी एल.एन. प्रजापति ने घटना को पूरी तरह नियम विरुद्ध बताते हुए कहा कि फेयरवेल के नाम पर इस तरह का प्रदर्शन अनुशासनहीनता है। उन्होंने संबंधित छात्रों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल प्रशासन वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रहा है।